– ईडी ने दो दिन पहले रावत को कार्यालय में हाजिर होने का नोटिस भेजा था
पहाड़ का सच देहरादून। साल 2016 में उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्तियों ने हुए भर्ती घोटाले के मामले में शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी मां की तस्वीर गले में डालकर ईडी ऑफिस पहुंचे।
कुछ दिन पहले पूर्व सीएम हरीश रावत के वर्तमान पीए और पूर्व ओएसडी चंदन जीना के घर पर ईडी की छापेमारी हुई थी। उसके बाद ईडी ने दो दिन पहले पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को ईडी कार्यालय में हाजिर होने का नोटिस भेजा था। जिसके चलते हरीश रावत शनिवार को आईटी पार्क स्थित ईडी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उन्हें दो दिन पहले ईडी ने नोटिस दिया है। शायद 2016 के मामले में जिसमें चंदन जीना के घर में भी छापा मारा है। इस नोटिस में हाजिर होने की बात कही गई है। साथ ही तमाम डॉक्यूमेंट्स मांगे गये हैं। इनमें फ़ैमिली की भी जानकारी शामिल है। लेकिन इसमें फैमिली का क्या आशय है
उसके अंदर कौन-कौन लोग आएंगे इसकी कोई जानकारी नहीं है। जो डॉक्यूमेंट्स मांग रखे हैं, वो सब पुराने जो इनकम टैक्स रिटर्न भरे हैं उसकी जानकारी मांगी गई है। इसके अलावा, परिवार की प्रॉपर्टी की जानकारी मांगी गई है। जिसके चलते वो आज ईडी के दफ्तर पहुंचे हैं। जांच में सामने आए आरोपों के अनुसार, परीक्षा के बाद कुछ OMR शीटों को कथित तौर पर बदला या दोबारा खोला गया, और फिर सील कर दिया गया, साथ ही कुछ चुनिंदा अभ्यर्थियों के गलत उत्तरों को सही किए जाने का आरोप लगा था। इस प्रक्रिया के जरिए कुछ अभ्यर्थियों को चयनित कराने की कोशिश की गई। ये परीक्षा ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित की गई थी। मामला सामने आने के बाद परीक्षा और चयन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठे तथा कई अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी हुई।
इस मामले की जांच में UKSSSC के तत्कालीन अध्यक्ष आरएस रावत, सचिव मनोहर सिंह कन्याल और परीक्षा नियंत्रक आरएस पोखरिया समेत कुछ अधिकारियों की गिरफ्तारी हुई। यह घोटाला उस समय का है जब हरीश रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री थे।
बाद की जांच में उनके तत्कालीन OSD और बाद में निजी सहायक रहे चंदन सिंह जीना का नाम भी सामने आया। कुछ दिन पहले ही प्रवर्तन निदेशालय ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में जीना के परिसरों पर छापेमारी की. उस दौरान करीब 32 लाख रुपये नकद, सोना और महंगी घड़ियां बरामद किए जाने की बात ईडी ने कही थी।

