
देहरादून। 23 साल पुराने जेनी प्रकरण ने उत्तराखण्ड की राजनीति में बड़ा भूचाल ला दिया है। पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने सोमवार को मीडिया के सामने एक नया दावा करते हुए कहा कि जेनी के बेटे के पिता के नाम के तौर पर दून अस्पताल के रिकॉर्ड में ‘बबलू’ दर्ज है। उनके इस बयान के बाद मामले ने फिर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।
हरक सिंह रावत ने दावा किया कि बबलू उत्तर प्रदेश के बरेली का रहने वाला था। उनके मुताबिक, देहरादून पहुंचने से पहले जेनी करीब तीन महीने तक उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि बाद में उक्त युवक जेनी को दिल्ली बस अड्डे पर छोड़कर चला गया था। हालांकि, ये सभी बातें हरक सिंह रावत की ओर से किए गए दावे हैं।
जेनी की तरह सोनिया आनंद प्रकरण भी कहीं झुलसा न दे दामन !
बताते चलें कि जेनी प्रकरण एक बार फिर सात नवंबर को उस समय सुर्खियों में आया था, जब जेनी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब में मीडिया के सामने हरक सिंह रावत पर दुष्कर्म और यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। जेनी अपने 23 वर्षीय बेटे के पितृत्व को लेकर हरक सिंह रावत पर सवाल उठाती रही हैं। उनका कहना है कि बेटे के पिता की पहचान स्पष्ट करने के लिए डीएनए जांच कराई जानी चाहिए।
वहीं, हरक सिंह रावत इन आरोपों को लगातार नकारते आ रहे हैं। उनका पक्ष है कि पुराने अस्पताल रिकॉर्ड और पूर्व में सीबीआई के माध्यम से कराई गई डीएनए जांच के दस्तावेज इस मामले में महत्वपूर्ण हैं। इसी आधार पर वह जेनी के दावों पर सवाल उठा रहे हैं।
मीडिया से बातचीत के दौरान हरक सिंह रावत ने भाजपा नेताओं को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के नेता इस मामले में पूर्व में हुई सीबीआई जांच और डीएनए परीक्षण पर सवाल खड़े कर रहे हैं। हरक सिंह ने कहा कि यदि भाजपा को लगता है कि तत्कालीन जांच में कोई गड़बड़ी हुई थी, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के कार्यकाल में सीबीआई ने गलत जांच की थी।


