रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय में शराब के ठेके के पास मारपीट की घटना हुई। बदरीनाथ हाईवे पर स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के पास शुक्रवार शाम हुई इस मारपीट में 42 वर्षीय मदनलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि उनकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। घायल मदनलाल को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर किया गया है। गर्दन पर गंभीर चोट लगने के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने श्रीकोट बेस अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल मदनलाल की बेटी ने मामले में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं मारपीट की घटना के बाद अमसारी गांव की महिलाएं शराब ठेके के बाहर धरने पर बैठ गईं। महिलाओं ने शराब की दुकान के संचालन का विरोध करते हुए ठेका आबादी क्षेत्र से हटाकर अन्यत्र शिफ्ट करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि शराब की दुकान खुलने के बाद आसपास का माहौल प्रभावित हुआ है और आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे पिछले तीन वर्षों से शराब ठेका हटाने की मांग कर रही हैं। इसके लिए कई बार विरोध-प्रदर्शन और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक उनकी मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार की घटना के बाद महिलाओं का आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने कहा कि ठेके के आसपास होने वाले विवादों से स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने प्रशासन से घटना को गंभीरता से लेते हुए शराब ठेके को आबादी से दूर स्थानांतरित करने की मांग की।

