
– पौड़ी विधायक को डेढ़ घंटे तक गाड़ी में बनाया बंधक
पहाड़ का सच, पौड़ी। जिला मुख्यालय से सटे ओजली गांव में मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे गुलदार ने 7 साल की बच्ची पर हमला कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची खांड्यूसैंण से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया और उसे घसीटकर ले गया। अचानक हुए हमले से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं बच्ची पर हमले की सूचना मिलते ही ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। लोगों ने आसपास के इलाके में काफी देर तक खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद बच्ची का शव बरामद हुआ। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पौड़ी जिला मुख्यालय के आसपास गुलदार की सक्रियता लगातार बढ़ रही है। इससे बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार की मौजूदगी के कारण शाम के समय घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गुलदार की निगरानी करने और उसे पकड़ने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए वन विभाग को ठोस कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।


