
रुद्रपुर। जिले के पंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा जंगल में रेलवे क्रॉसिंग से पहले देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हल्द्वानी से आ रही एक स्विफ्ट कार पहले सड़क पर मौजूद भैंस से टकरा गई और इसके बाद अनियंत्रित होकर सामने से रुद्रपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो से भिड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। स्विफ्ट कार में चार लोग सवार थे, जो उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार टांडा जंगल क्षेत्र में पहुंची ही थी कि अचानक सड़क पर एक भैंस आ गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे भैंस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
भैंस से टकराने के बाद स्विफ्ट कार का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया और वह सामने से रुद्रपुर की ओर से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराई. दोनों वाहनों की भिड़ंत काफी जोरदार थी, जिससे स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. कार में बैठे चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की मुख्य वजह सड़क पर अचानक भैंस का आ जाना और उससे टकराने के बाद स्विफ्ट कार का अनियंत्रित होना है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इस हादसे ने एक बार फिर रात के समय हाईवे और जंगल क्षेत्रों में पशुओं की मौजूदगी से होने वाले सड़क हादसों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

