
हरिद्वार। जिले के बहादराबाद थाना क्षेत्र से रविवार सुबह एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बहादराबाद थाना क्षेत्र के धनौरी मार्ग पर डीपीएस दौलतपुर के पास एक महिला ने पति से रास्ते में हुए विवाद के बाद अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई तथा मां-बेटी की तलाश में बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम और चिंता का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन फैब्रिकेशन का कार्य करता है। रविवार सुबह वह अपनी पत्नी सरिता, डेढ़ वर्षीय बेटी नोनू और चार वर्षीय बेटे लक्ष्य के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। बाइक पर आगे बेटा लक्ष्य बैठा था, जबकि पीछे सरिता अपनी गोद में बेटी नोनू को लेकर बैठी थी।
सफर के दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में गंभीर विवाद में बदल गई। जैसे ही बाइक डीपीएस दौलतपुर के समीप पहुंची, आगे चल रहे एक वाहन के कारण अर्जुन को बाइक की रफ्तार कम करनी पड़ी। इसी दौरान सरिता अचानक बाइक से उतरी और किसी को संभलने का मौका दिए बिना अपनी मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग और उसका पति कुछ समझ ही नहीं पाए।
राहगीरों की सूचना पर बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंगनहर में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण देर शाम तक मां-बेटी का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चला रही है।

