
पहाड़ का सच, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाइवे पर हरिद्वार से जोशीमठ जा रही बस के टिहरी गढ़वाल के गुलर क्षेत्र में हुए भीषण हादसे पर गहरा दुःख जताया है। गोदियाल ने बस दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है तथा बस हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने एम्स ऋषिकेश जाकर घायलों का हालचाल पूछा।
गोदियाल ने कहा कि इस हृदय विदारक दुर्घटना से कई लोग असमय काल कल्वित हो गये हैं उनके परिजनों के लिए यह असहनीय दुःख है। हम उनके दुःख को बांट तो नहीं सकते परन्तु इस दुःख की घडी में उनके साथ हैं। उन्होंने इस प्रकार की सड़क दुर्घटनाओं को पहाड़ी मार्गों के लिए अभिशाप बताते हुए कहा कि पहाड़ों में होने वाले ऐसे हृदय विदारक हादसों को रोकने के उपाय होने चाहिए।
गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बस दुर्घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाये जाने तथा मृतकों के परिजनों को उचित मुआबजा दिये जाने की मांग करते हुए घायलों के समुचित उपचार के इन्तजाम किये जाने की भी मांग की है। गोदियाल ने मृतकों की आत्म शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करते हुए कहा कि इस दुःख की घडी में पूरा कांग्रेस परिवार बस हादसे के शिकार लोगों के परिजनों के साथ है, हम सभी कांग्रेसजनों की प्रार्थना है कि ईश्वर मृतकों की आत्मा को शान्ति प्रदान करें तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देवें।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाइवे पर हुए बस हादसे पर गहरा दुःख जताते हुए बस दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की है तथा बस हादसे में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। हरीश रावत ने ऋषिकेश स्थिति एम्स अस्पताल जाकर बस दुर्घटना के घायलों से मुलाकात की तथा बचाव एवं राहत कार्यों का जायजा लिया।


