
ऋषिकेश। ऋषिकेश में दिल्ली से अपनी गर्लफ्रेंड के साथ वीकेंड मनाने आए कुछ युवकों ने शराब के नशे में जमकर हुड़दंग मचाया। आरोपी युवक काले रंग की थार कार के ऊपर बैठकर शराब पी रहे थे और सरेआम गाली-गलौज कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब एक युवक अर्धनग्न होकर सड़क पर आपत्तिजनक हरकतें करने लगा। वहाँ से गुजर रही महिलाओं और स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
https://www.facebook.com/share/r/18prLT2G2v/
स्थानीय लोगों की शिकायत पर जब एक पार्किंग कर्मचारी युवकों को समझाने पहुंचा, तो आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने कर्मचारी को लात मारकर नीचे गिरा दिया और उसके कपड़े फाड़ दिए। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक आरोपी युवक पार्किंग कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने के इरादे से एक बड़ा पत्थर उठाता हुआ साफ नजर आ रहा है। बीच-बचाव करने आए एक स्थानीय युवक को भी आरोपियों ने मिलकर बुरी तरह पीट दिया। इस पूरे बवाल के दौरान युवकों के साथ आई काजल नाम की लड़की लगातार उन्हें शांत कराने और मारपीट न करने की मिन्नतें करती रही, लेकिन नशे में धुत युवकों ने किसी की एक न सुनी।
घटना की सूचना मिलते ही ऋषिकेश की मुनिकीरेती थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हुड़दंग में इस्तेमाल की गई थार कार को सीज कर दिया है।
थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि पीड़ित पक्ष के राज सिंह की लिखित शिकायत के आधार पर दिल्ली निवासी चार नामजद आरोपियों तुषार, मनीष, आशीष और विक्की के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने लड़की समेत पांचों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

