डोईवाला। जनपद के डोईवाला क्षेत्र के चांदमारी निवासी निशा पांचाल की आत्महत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ गया। शुक्रवार देर शाम बड़ी संख्या में लोग डोईवाला कोतवाली पहुंचे और आरोपी गुरजीत सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि महिला की मौत के मामले में पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की।
बताते चलें कि डोईवाला थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-17 चांदमारी की रहने वाली निशा पांचाल ने कथित तौर पर जहर खा लिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के पति अनिल पंचाल ने पड़ोसी गुरजीत सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। अनिल का आरोप है कि गुरजीत सिंह पिछले करीब चार साल से उनके परिवार को परेशान कर रहा था और उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान थी।
वहीं मृतका के पति अनिल पंचाल का कहना है कि पड़ोसी गुरजीत सिंह के कथित उत्पीड़न को लेकर उन्होंने पहले भी डोईवाला थाने में कई बार प्रार्थना पत्र दिए थे। उनका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का कहना है कि लंबे समय से चल रहे तनाव के बीच निशा ने जहर खा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू की।
मृतका के पति की तहरीर पर डोईवाला पुलिस ने गुरजीत सिंह पुत्र पूरन सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। हालांकि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। परिवार और स्थानीय लोगों ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी लेकिन दो दिनों तक गिरफ़्तारी ना होने से नाराज लोग शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

