
देहरादून। आर्केडिया ग्रांट के वार्ड नंबर 93 के अंतर्गत बनियावाला में सड़कों का बहुत ही बुरा हाल हो रखा है। सड़क के खड्डों के कारण कई बार दुर्घटना होते-होते बची है। कई बार स्थानीय पार्षद को इस विषय में जानकारी दी गई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले 5 वर्षों से सड़कों की हालत बहुत खराब है। सड़क मरम्मत के नाम पर कभी-कभी खड्डों को मिट्टी से भर दिया जाता है जो कि कुछ समय बाद और बड़े खड्डे हो जाते हैं।
यहां तक कि 8 दिसंबर 2025 को बनियावाला के निगम जोनल आफिस में “नगर निगम जनता के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, तात्कालिक नगर आयुक्त नमामि बसल, और कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए थे।
नगर निगम देहरादून के 27वें स्थापना दिवस के अवसर बनियावाला में, नगर निगम जनता के द्वार कार्यक्रम का आयोजन
उस समय पूर्व सैनिक विकास समिति के सदस्यों ने स्थानीय निवासियों की तरफ से निगम के मेयर को सड़कों के अतिक्रमण, चौड़ीकरण, और मरम्मत के संबंध में ज्ञापन भी सौंपा था, और खुद मेयर ने स्थानीय समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने की बात कही थी, पर वो समाधान शायद भाषणों तक ही सीमित रह गया।
पूर्व सैनिक विकास समिति ने लोक निर्माण विभाग को सौंपा ज्ञापन
आज पुनः पूर्व सैनिक विकास समिति के अध्यक्ष (रि) सूबेदार मोहन सिंह रावत की अध्यक्षता में कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा बनियावाला से सेवली रोड़ की मरम्मत के बारे में लोक निर्माण विभाग खण्ड कारगी चौक देहरादून को ज्ञापन दिया गया है। विभाग की तरफ से इस रोड़ को जल्दी से जल्दी मरम्मत करने का आश्वासन दिया गया।

ज्ञापन सौंपने वालों में समिति के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, सचिव देवेन्द्र सिंह भण्डारी, पूर्व मेयर प्रत्याशी वीरेन्द्र सिंह बिष्ट, पूरन सिंह रावत, बीर सिंह मेहरा, प्रेम सिंह बरत्वाल और शोभन सिंह नेगी आदि शामिल रहे।
बताते चलें कि पूर्व सैनिक विकास समिति बनियावाला लगातार जनहित के मुद्दे उठाती रही है।


