
पहाड़ का सच/एजेंसी।
नई दिल्ली। देश में आज फिर से पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी की गई है। 25 मई, 2026 सुबह 6 बजे से दिल्ली में पेट्रोल 2 रुपए 61 पैसे महंगा होकर 102 रुपए 12 पैसे प्रति लीटर पर पहुंच गया है।बजबकि डीजल 2 रुपए 71 पैसे बढ़कर 95 रुपए 20 पैसे प्रति लीटर हो गया है।
सबसे बड़ी बात ये है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ये चौथी बढ़ोतरी मानी जा रही है। 15 मई को करीब 3 रुपए, फिर 19 मई को लगभग 90 पैसे, 23 मई को फिर करीब 90 पैसे और अब 25 मई को एक बार फिर बड़ा इजाफा किया गया है। कुल मिलाकर पिछले 10 दिन में पेट्रोल 7 रुपये 35 पैसे और डीजल 7 रुपये 53 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है।
देहरादून में 100 के पार पहुंचा पेट्रोल
वहीं देहरादून में ईंधन की नई कीमतें लागू हो गई हैं। पेट्रोल के दाम में 2.55 रु प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जिसके बाद इसकी कीमत 100.50 रु प्रति लीटर पहुंच गई है। वहीं डीजल 2.72 रु प्रति लीटर महंगा होकर 95.90 रु प्रति लीटर बिक रहा है। इसके अलावा एक्सपी 95 पेट्रोल की कीमत भी बढ़कर ₹108.93 प्रति लीटर हो गई है। नई दरों का असर आम उपभोक्ताओं और परिवहन क्षेत्र पर पड़ने की संभावना है।

