
अशोक डंडरियाल/पहाड़ का सच।
वर्ष 2027 में उत्तराखण्ड में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। सभी दल जोर शोर से तैयारी करने पर लगे हुए हैं, पर धीरे – धीरे स्थानीय मुद्दे नेताओं के भाषणों से गायब होते जा रहे हैं। उत्तराखण्ड में अब राजनीतिक लड़ाई, व्यक्तिगत लड़ाई बनती जा रही है। ज्वलंत मुद्दों से हटकर राजनीति महिलाओं के इर्द गिर्द घूमती नजर आ रही है। विधानसभा चुनाव की तैयारी के बीच दीप्ति रावत, सोनिया आनंद, अंकिता भंडारी, रेखा आर्या और असम की महिला, इन नामों से जुड़े मुद्दे जोर शोर से उठाये जा रहे हैं।
पहले गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की फसलों का उचित दाम, ये सभी मुद्दे चुनावों में उठाए जाते थे और इन्हीं मुद्दों पर सरकारें बनती और गिरती थीं। आपको याद होगा एक समय प्याज के दाम पर कितना हंगामा हुआ था। 1979-1980 के दौरान प्याज के दाम आसमान छूने लगे थे। कांग्रेस ने इसे एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया था। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने प्याज की माला पहनकर चुनाव प्रचार किया था और इस मुद्दे ने केंद्र में जनता पार्टी की गठबंधन सरकार के गिरने व इंदिरा गांधी की सत्ता में वापसी में बड़ी भूमिका निभाई थी।
लेकिन राजनीति के चतुर खिलाड़ियों ने इन असली मुद्दों को गायब कर दिया है। न सिर्फ चुनावी मैदान से, बल्कि जनता के मन से भी। चुनाव से पहले और बाद में भ्रष्टाचार अब कोई मुद्दा नहीं रह गया है। क्यों? क्योंकि अब कोई भी विपक्षी दल सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को तैयार नहीं है। छोटा मोटा प्रदर्शन करते हैं, पर वो प्रदर्शन भी सोशल मीडिया पर तस्वीरें डालना और वीडियो वायरल करना तक ही सीमित हो गया है। दरअसल, आम जनता अब व्हाट्सएप और फेसबुक की गुलाम बन चुकी है। यह गुलामी, दलों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और यहां तक कि आम जनता में भी गहराई से समा गई है। चुनावी प्रचार, भाषण, यहां तक कि रिश्ते भी अब फेसबुक बन गए हैं। भावनात्मक रिश्ते कब खत्म हो गए, किसी को पता भी नहीं चला।
चूंकि आम जनता, यानी असली मतदाता, वास्तविक मुद्दों से अनजान हैं, तो पार्टियां कब से यही चाहती आ रही हैं ? आटा, चावल और दालों की कीमत अब किसी को पता नहीं है। लोग बिना पूछे ही पैकेट पर लिखी कीमत पर सामान खरीद लेते हैं और ऑनलाइन भुगतान कर देते हैं। जब से ऑनलाइन पैसे का लेन-देन शुरू हुआ है, लोगों को महंगाई का एहसास होना बंद हो गया है। उन्हें पता ही नहीं चलता कि कीमत कितनी बढ़ गई है। वे थोक में ऑनलाइन भुगतान करते हैं और आगे बढ़ते रहते हैं। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। आप व्यावहारिक उदाहरण लीजिए – आप दस किलो आटा लाते हैं और ऑनलाइन भुगतान करते हैं, आपको न तो किलो का भाव पता होता है और न ही आप पूछना चाहते हैं। यही कारण है कि चतुर नेताओं ने असली मुद्दों को नजरअंदाज कर दिया है।
जब आम जनता को इसकी परवाह ही नहीं है, तो महंगाई मुद्दा कैसे बनेगी ? भ्रष्टाचार हर जगह इस कदर फैल गया है मानो किसी को इसकी परवाह ही न हो। कारण स्पष्ट है – अब हर कोई जल्दबाजी में है। काम तो मिलना ही चाहिए। ये सब कैसे हुआ ? क्या-क्या करना पड़ा ? कोई इसके बारे में सोचना भी नहीं चाहता।


