
पौड़ी। उत्तराखण्ड में वन्य जीवों के हमले लगातार बढ़ते ही जा रहें हैं। बाघ और गुलदार के हमलों के बाद अब कई क्षेत्रों में भालू के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। ताजा मामला दुगड्डा ब्लॉक के ग्राम चरेख का है, जहां भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की मौत हो गई।
वहीं स्थानीय लोगों ने वन विभाग से भालुओं के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चरेख निवासी अंजना देवी पत्नी बनवीर सिंह बीते रोज गांव के समीप जंगल में घास लेने गई थीं। इसी दौरान अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद अन्य महिलाएं मौके पर पहुंचीं और भालू को भगाने के लिए पत्थर फेंके। इसके बाद भालू जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक अंजना देवी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। घायल महिला को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका अंजना देवी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं घटना के बाद गांव में शोक की लहर है, वहीं ग्रामीणों में भालू की दहशत बनी हुई है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। लगातार हो रहे वन्यजीव हमलों ने एक बार फिर पहाड़ के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


