
हल्द्वानी में पुलिस से हुए विवाद में नेता प्रतिपक्ष के बयान पर भाजपा का पलटवार, कहा अशोभनीय व्यवहार
आर्य का आचरण पद की गरिमा के विपरीत, अमर्यादित और अलोकतांत्रिक: खजान दास
आरोप, कांग्रेस में अलोकतांत्रिक परम्परा और अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है ऐसी अराजकता
पहाड़ का सच देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के उत्तराखंड दौरे को “महज पर्यटन” वाले बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस में बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे द्धारा अटल,आडवाणी के बारे में दिए गए बयान से नाखुश भाजपा ने कांग्रेस को भ्रष्ट और संस्कार विहीन कह दिया है। इसी क्रम में हल्द्वानी की घटना में नेता प्रतिपक्ष के बयान को मर्यादा के विपरीत बताकर निंदा की है।

कैबिनेट मंत्री खजान दास ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य द्वारा एसएसपी कार्यालय हल्द्वानी में किए व्यवहार और प्रयोग की गई भाषा पर गहरा दुख जताते हुए इसकी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि यशपाल आर्य का यह आचरण अमर्यादित, शर्मनाक, अलोकतांत्रिक और अराजक था जो कहीं न कहीं ये अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने एक दूसरे से बड़ा और चर्चित दिखने की कांग्रेसी रस्साकस्सी का परिणाम था। मंत्री ने कहा कि अराजक और अलोकतांत्रिक दिखने में बेशक अपने आलाकमान के सामने यशपाल आर्य जीत गए लेकिन जनता की नजर में कांग्रेस फिर से हार गई है।
मीडिया में प्रतिक्रिया देते हुए खजान दास ने कहा कि यशपाल आर्य हमेशा से अपने शांत स्वभाव के लिए जाने जाते रहे हैं, लेकिन उनका ऐसा उग्र और अमर्यादित रूप देखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। यह साफ तौर पर कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी गुटबाजी का नतीजा है, जहां नेता अपने आलाकमान के सामने एक-दूसरे से बड़ा साबित होने की होड़ में लगे हैं। कांग्रेस के सभी क्षेत्रीय नेता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष और आलाकमान को यह दिखाना चाहते हैं कि वे मीडिया में कितने चर्चित हैं और राहुल गांधी की नकल करके कितनी अराजकता फैला सकते हैं।
कैबिनेट मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि गुटबाजी की इस लड़ाई के मौजूदा चरण में भले ही यशपाल आर्य बाजी मारते दिख रहे हों, लेकिन इस तरह के आचरण से कांग्रेस पार्टी एक बार फिर जनता की नजरों में पूरी तरह हार चुकी है। खजान दास ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर राजनीतिक दल और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने और विरोध दर्ज कराने का पूरा अधिकार है, लेकिन प्रशासनिक गरिमा को ठेस पहुंचाना और ऑन-ड्यूटी अधिकारियों के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग करना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। पुलिस अधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कठिन परिस्थितियों में अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं।

वरिष्ठ नेता खड़गे को स्व.अटल याद, लेकिन कांग्रेस के भ्रष्ट संस्कार कैसे भूले: चौहान
पहाड़ की शान सैन्यशिरोमणि जनरल विपिन रावत के अपमान पर खामोश रही के कांग्रेस
भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के आरोपों को निराधार बताते हुए सवाल किया कि सम्मान और संस्कार को लेकर उन्हे पूर्व पीएम अटल विहारी बाजपेयी और वरिष्ठ नेता अडवाणी का दौर तो याद है, लेकिन वह कांग्रेस के भ्रष्टाचार की चासनी मे डूबे संस्कार कैसे याद नही हैं।
चौहान ने कांग्रेस नेता के रुद्रपुर दौरे मे लगाए आरोपों पर कहा कि स्व अटल के संस्कार और प्रेरणा से कांग्रेस को सीख लेने की जरूरत है। अटल और आडवाणी भारत की राजनीति मे निर्विवाद चेहरे हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ की शान जनरल रावत का अपमान करने वाले सनातन विरोधी, देशभक्ति और धर्म पर ज्ञान दे रहे हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष देशभक्ति, धर्म और भ्रष्टाचार पर बड़ी बड़ी बाते कर गए हैं, जो उनकी पार्टी के चरित्र और इतिहास से मेल नहीं खाता है। जिन्होंने आजीवन श्री राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और राम का अस्तित्व नकारा, राम भक्तों पर गोली चलवाई और मुस्लिम वोट बैंक के डर से आज तक अयोध्या जाने की हिम्मत नहीं हुई वह मन्दिर मे चोरी की घटना पर घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।
चौहान ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वह छात्रों, जनता और भाजपा को हटाने आये है। अर्थात वह राजनैतिक यात्रा और पर्यटन के लिए आये है। उन्हे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भ्रष्टाचार से दूर रहने की सीख देनी थी, क्योंकि इसी वजह से जनता ने उसे अस्तित्व के खतरे से आगाह कराया है। कांग्रेस सरकारों ने उत्तराखंड में भ्रष्टाचार की बेलों को सींचने का काम किया है। कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार ने नकल माफियाओं को संरक्षण देकर युवाओं के हक पर डाका डालने का काम किया था। जबकि हमारी सरकार ने देश का सबसे कठोर नकल निरोधक कानून लागू कर भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया है। जिसका परिणाम रहा कि विगत 4 वर्षों में एक भी पेपर लीक की घटना सामने नहीं आई।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सीएम धामी के नेतृत्व मे उत्तराखंड विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस और महिला तथा युवाओं के हाथों मे रोजगार से जनता का भाजपा पर अटूट विश्वाश है। कांग्रेस के किसी भी दुष्प्रचार मे जनता नही आने वाली है।

