
हरिद्वार। हरिद्वार में कांवड़ जोर शोर से चल रहा है। वहीँ मेले में लगातार हादसे भी हो रहे हैं। रविवार को हरकी पैड़ी के पास धनुष पुल के नीचे गंगा स्नान के दौरान एक कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में समा गया। कांवड़िया रेलिंग के बाहर खड़े होकर गंगा में डुबकी लगा रहा था। जैसे ही उसने पानी में छलांग लगाई, तेज धारा उसे अपने साथ बहाकर ले गई। आसपास मौजूद शिवभक्त कुछ समझ पाते, इससे पहले ही कांवड़िया पानी में लापता हो गया।
सूचना मिलते ही जल पुलिस की और पीएसी राहत बचाव की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में कांवड़िए की तलाश शुरू कर दी। जल पुलिस के जवान बोट और अन्य संसाधनों की मदद से कांवड़िए की तलाश में जुटे हैं, साथ ही पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद लोगों से कांवड़िए के संबंध में जानकारी जुटा रहे हैं। मामले जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान मौके पर मौजूद एक शिवभक्त वीडियो बना रहा था और उसने कांवड़िए के गंगा में डूबने का वीडियो भी बना लिया
हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर प्रशासन की ओर से लगातार श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को नियमों का पालन करने, गंगा के तेज बहाव और प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान नहीं करने की अपील की जा रही है। इसके बावजूद कुछ कांवड़िए जान जोखिम में डालकर रेलिंग पार कर खतरनाक स्थानों पर स्नान कर रहे हैं। ऐसे स्थानों पर पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं होने के कारण हादसे का खतरा बना रहता है।

