
योग्य व नए मतदाता का नाम न छूटे ,चौकसी बरतने की अपील
भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों की हकीकत आम लोगों को बताएं
पहाड़ का सच देहरादून। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री व पीसीसी सदस्य सुरेंद्र रांगड ने कहा कि बीएलए कांग्रेस पार्टी की सबसे मजबूत और पहली दीवार है। हमें हर मतदाता तक पहुंच बनानी है। साथ ही यह सुनिश्चित करना है नए और योग्य मतदाता का नाम न छूटे।
धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बीएलए टू की बैठक को संबोधित करते हुए पीसीसी महामंत्री सुरेंद्र रांगड ने कहा कि बीएलए का जमीनी संगठन को मजबूत करने, मतदाता सूची में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित होना चाहिए। बूथ प्रबंधन के कौशल से ही चुनाव में जीत सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि बीएलए कांग्रेस पार्टी की सबसे मजबूत और पहली दीवार है। हमें हर मतदाता तक पहुंच बनानी है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या धांधली को रोकना हमारा मुख्य लक्ष्य है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी नए और योग्य मतदाता का नाम न छूटे, और जो मतदाता स्थानांतरित हो चुके हैं या मृत हैं, उनके नाम सूची से हटाए जाएं।
सुरेंद्र रांगड ने कहा कि आम लोगों तक भाजपा सरकार की युवा विरोधी , बेरोजगार विरोधी, महिला विरोधी और राजनीतिक फायदा लेने के लिए वैमनस्य फैलाकर समाज को बांटने की जनहित विरोधी नीति के बारे में बताना है। ताकि लोग भाजपा की असलियत को जान सकें।

