
देहरादून। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां करने के मामले में भाजपा महिला मोर्चा, उत्तराखंड की शिकायत पर डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
शिकायत में फेसबुक पर संचालित एक अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट से उत्तराखंड की मातृशक्ति और महिलाओं के लिए अश्लील, अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया। तहरीर में आगे कहा कि इस तरह की पोस्ट न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि समाज में वैमनस्य और महिलाओं के प्रति घृणा का माहौल भी पैदा करती हैं।
संबंधित फेसबुक अकाउंट से यह पोस्ट साझा की गई थी कि एक फ्लाइट से संबंधित व्यक्ति देहरादून आने वाला है। शिकायत में पुलिस से अनुरोध किया गया है कि यदि यह सूचना सही हो तो आवश्यक सतर्कता बरतते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही भाजपा महिला मोर्चा ने पुलिस से मांग की है कि संबंधित फेसबुक अकाउंट और उससे प्रसारित सामग्री की साइबर जांच कराई जाए, अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की वास्तविक पहचान स्थापित की जाए और जांच में महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने या अन्य दंडनीय अपराध के तत्व मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, साथ ही डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की भी मांग की गई है
बताते चलें कि भाजपा महिला मोर्चा की सैकड़ों महिलाओं ने 17 जुलाई को राहुल गांधी के देहरादून आगमन का जबरदस्त विरोध किया था, साथ ही गो बैक को लेकर आराघर चौक पर प्रदर्शन किया था।

