
बिजली घर की व्यवस्था दुरुस्त मिली, सभी कार्मिकों की सराहना
शनिवार दिन भर कर्मचारी संगठनों के साथ वार्ता में व्यस्त रहे एमडी, रात को नौ बजे सीधे पहुंचे चंबा
पहाड़ का सच नई टिहरी/देहरादून। यूपीसीएल प्रबन्ध निदेशक पी.सी ध्यानी ने विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याओं पर चर्चा करने तथा आफिस कार्य निपटाने के बाद रात नौ बजे चम्बा ( टिहरी गढ़वाल) 33/11केबी विद्युत सबस्टेशन का औचक निरीक्षण करने पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक द्वारा विद्युत उपकेंद्र की समस्त व्यवस्थाओं, विद्युत उपकरणों, नियंत्रण कक्ष, अनुरक्षण कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था एवं विद्युत आपूर्ति प्रणाली का गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने उपकेंद्र की कार्यप्रणाली एवं रखरखाव को संतोषजनक बताया तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की।

प्रबन्ध निदेशक द्वारा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उपभोक्ताओं की सेवा तथा गुणवत्ता पूर्ण एवं सुचारू विद्युत आपूर्ति को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल करें। इस दौरान अधिकारियों द्वारा विद्युत उपकेंद्र से संबंधित विभिन्न तकनीकी एवं आधारभूत समस्याओं से प्रबंध निदेशक को अवगत कराया गया। उन्होंने सभी समस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए, ताकि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाई जा सके।
उन्होंने विद्युत कर्मियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को सेफ्टी किट भी प्रदान की तथा निर्देश दिए कि प्रत्येक कर्मचारी सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन करते हुए ही कार्य संपादित करे।
इस अवसर पर मुख्य अभियंता एन. एस. बिष्ट, अधीक्षण अभियंता गौरव शर्मा, अधिशासी अभियंता दीपक आर्य, उपखंड अधिकारी अशोक कुमार, अवर अभियंता एस. पी. राणा सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं फील्ड स्टाफ उपस्थित रहे।
ध्यानी ने ठेकेदार के माध्यम से लगाए गये मीटर रीडरों एवं लाइन स्टाफ को प्रत्येक माह की सात तारीख़ तक बैंक के माध्यम उन्हें वेतन दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय कर्मचारियों, संविदा एवं ठेकेदार के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों से मेहनत एवं लगन से कार्य करने हेतु अपेक्षा की।
इसके अतिरिक्त उपखंड कार्यालय की मरम्मत एवं अतिरिक्त निर्माण कार्य हेतु तत्काल निर्णय लेते हुए मुख्य अभियंता जानपद आशीष अरोरा को रविवार सुबह ही प्रस्ताव बनाने के लिए चंबा आने के लिए निर्देशित किया|

