
पहाड़ का सच देहरादून। बढ़ी तपिश के बीच मौसम विभाग की पूर्वानुमान की सूचना के अनुसार राज्य में बारिश की संभावना से मौसम के मिजाज में ठंडक आने की उम्मीद है,लेकिन भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे से सियासी पारा चढ़ना तय है। भाजपा अध्यक्ष गुरुवार 28 मई से 30 मई जबकि राहुल गांधी अगले महीने की चार व पांच जून को अल्मोड़ा, पौड़ी व देहरादून के दौरे पर रहेंगे।

उत्तराखंड में 2027 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए ही अहम साबित होगा। एक तरफ जहां बीजेपी इस बार जीत की हैट्रिक लगाने का प्रयास करने में लगी हुई है तो वहीं कांग्रेस अपनी खोई हुई सत्ता पाने की जुगत में। इसलिए दोनों पार्टियों ने ग्राउंड वर्क शुरू कर दिया है।
नितिन नवीन का तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरा: चुनावी रणनीति बनाने में इस बार भी बीजेपी थोड़ी आगे ही नजर आ रही है। क्योंकि बीजेपी अभी तक उत्तराखंड में पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित और रक्षा मंत्री राजनाथ का दौरा करा चुकी है। अब इस कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का नाम भी जुड़ने जा रहा है।

नितिन नवीन 28 मई को तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं, जिसके लिए बीजेपी कई दिनों से तैयारियों में जुटी हुई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला उत्तराखंड दौरा है। माना जा रहा है कि इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करेंगे और मिशन 2027 की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
राहुल गांधी का दौरा: कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी 4 जून को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं। राहुल गांधी करीब चार साल बाद उत्तराखंड आ रहे हैं। दोनों दलों के ये दौरे आने वाले विधानसभा चुनाव की शुरुआती रणभेरी माने जा रहे हैं। लंबे समय के बाद राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को कांग्रेस संगठन के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।

कुमाऊं से शुरुआत करेंगे राहुल गांधी:कांग्रेस नेता राहुल गांधी चार जून को उत्तराखंड पहुंचेंगे और अपने दौरे की शुरुआत कुमाऊं मंडल से करेंगे। राहुल गांधी अल्मोड़ा में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में राहुल गांधी न सिर्फ स्थानीय मुद्दों पर बीजेपी को घेरने का काम करेंगे, बल्कि बेरोजगारी, पलायन और युवाओं से जुड़े सवालों को भी कांग्रेस प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।
पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों पर फोकस: उत्तराखंड को सैनिक बाहुल्य क्षेत्र कहा जाता है. इसलिए कांग्रेस और बीजेपी का हर चुनाव में पूर्व सैनिकों और सैनिक परिवारों पर पूरा फोकस होता है। यही कारण है कि राहुल गांधी का दूसरा कार्यक्रम पौड़ी में रखा गया है, जहां वो पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे. इस दौरान राहुल गांधी सैनिकों के परिवारों से संवाद भी करेंगे।
सैनिकों को कांग्रेस का मैसेज: राजनीतिक तौर पर इसे कांग्रेस की बेहद महत्वपूर्ण रणनीतिक कवायद माना जा रहा है क्योंकि उत्तराखंड में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और सैनिक परिवार निर्णायक वोट बैंक माने जाते हैं। कांग्रेस अग्निवीर योजना, पूर्व सैनिकों की सुविधाओं और सैन्य पृष्ठभूमि वाले परिवारों के मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने की तैयारी में है।
कांग्रेस चाहती है कि राहुल गांधी सीधे सैनिकों से संवाद कर यह संदेश दें कि कांग्रेस उनके मुद्दों को गंभीरता से उठा रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर कहा है कि लंबे समय बाद हो रहे इस कार्यक्रम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। संगठन अभी से कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गया है।
कांग्रेस, राहुल गांधी के इस दौरे को सिर्फ जनसभा तक सीमित नहीं रखना चाहती है। राहुल गांधी के इस दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल भी बढ़ेगा। संगठन अभी से कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गया है : गणेश गोदियाल, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
देहरादून में रणनीति बैठक: अल्मोड़ा की जनसभा के बादअगले दिन पांच जून को राहुल गांधी देहरादून में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व मंत्रियों, जिला अध्यक्षों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बड़ी बैठक करेंगे। इस बैठक को कांग्रेस संगठन के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
गुटबाजी होगी खत्म? कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी प्रदेश संगठन से सीधे फीडबैक लेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी रणनीति पर चर्चा करेंगे। दरअसल, कांग्रेस लंबे समय से उत्तराखंड में गुटबाजी और अंदरूनी खींचतान से जूझ रही है। कई वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय की कमी समय-समय पर सामने आती रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी कई मौकों पर संगठनात्मक फैसलों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा संगठन को एकजुट करने और कार्यकर्ताओं में भरोसा पैदा करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
कांग्रेस अब उत्तराखंड में मुद्दों की राजनीति के जरिए भाजपा को चुनौती देने की तैयारी में है. बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस आने वाले समय में बड़े आंदोलन की रणनीति भी बना सकती है। राहुल गांधी का यह दौरा लंबे समय बाद हो रहा है तो ये कांग्रेस के लिए और भी महत्वपूर्ण है।
भाजपा के नितिन नवीन के आगमन से पूर्व 27 मई को सीएम धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत व अनिल बलूनी के बीच होने बैठक को अहम माना जा रहा है। बीते कुछ समय से भाजपा विधायक अरविंद पांडे के जारी कटाक्ष के बीच भाजपा की अंदरूनी जंग काफी तेज हुई है। इधऱ, 25 व 26 मई को सांसद बलूनी व त्रिवेंद्र सिंह रावत का गूलरभोज में विधायक अरविंद पांडे के आवास पर जाने से भी जारी तकरार में तेजी आई है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखण्ड दौरे से ठीक पूर्व धामी,बलूनी व त्रिवेंद्र की पारस्परिक बैठक में काफी कुछ पकने की उम्मीद है।
पार्टी के एक सर्वे में भाजपा में कुछ नान परफॉर्मर विधायकों के टिकट काटे जाने की चर्चा के बीच बेचैनी का आलम है। गर्मी के इस मौसम में उत्साह के साथ साथ दोनों दलों में चुनावी घबराहट की गर्म हवाएं भी चल रही है। अब नितिन नवीन और राहुल गांधी एक दूसरे दल की कुंडली खोलने के अलावा अपने घर की दरारों को कितना पाट पाएंगे ? इसका भी खुलासा हो जाएगा….
राहुल गांधी का कार्यक्रम
4 जून को राहुल सुबह 11:30 बजे अल्मोड़ा में जनसभा करेंगे।
चार जून को हो 3:30 बजे पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे।
5 जून की सुबह राहुल दून में पार्टी पदाधिकारियों सहित सभी प्रमुख नेताओं संग बैठक करेंगे।
नवीन का कार्यक्रम
नवीन 28 मई को प्रदेश कार्यालय में सांय 6.15 से कोर कमेटी व मंत्रियों की बैठक लेंगे।
29 मई को प्रातः मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बी. सी खंडूरी के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे एवं शोक संपत परिजनों से मुलाकात करेंगे। उसके बाद वे 29 मई 2026- राजपुर रोड स्थित वेलकम होटल पहुंचकर 11:00 बजे से सांसद विधायकों के साथ बैठक, उसके बाद दोपहर 2:00 बजे से प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, महामंत्री जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिला अध्यक्षों के साथ विस्तृत चर्चा करेंगे। शाम 4:00 बजे से वह महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं ब्लाक प्रमुखों के साथ चर्चा करेंगे। सांयकॉल वे मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी एवं प्रदेश प्रवक्ता की बैठक लेंगे।
30 मई 2026- राष्ट्रीय अध्यक्ष टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर बूथ संख्या 141 के बूथ अध्यक्ष के डाकरा, गड़ी कैंट स्थित आवास पर जलपान करेंगे। इसके बाद बूथ समिति 138, दुर्गामल्ल मंडल की बैठक में शामिल होंगे। उसके बाद वे शिवालिक कॉलेज आफ इंजीनियरिंग सिंहनीवाला में 11:00 बजे से आयोजित प्रबुद्ध गोष्ठी को संबोधित करेंगे। उसके बाद दोपहर 2 बजे से सीएम आवास स्थित मुख्य मुख्य सेवक सदन में युवा संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। तत्पश्चात नबीन सांय 4.35 बजे वे जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

