
पहाड़ का सच/एजेंसी।
नई दिल्ली । तेल कंपनियों ने एक बार फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ाई हैं। आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। इस ताजा संशोधन के तहत पेट्रोल की कीमत में 0.87 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 0.91 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। दिल्ली में पेट्रोल के दाम में 87 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद इसकी नई कीमत 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं, डीजल 91 पैसे महंगा होकर 92.49 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है।
इस महीने यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इस सप्ताह की शुरुआत में, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी, इससे कुछ दिन पहले ही 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
इस बढ़ोतरी के बाद माल ढुलाई महंगी होने की आशंका है, जिससे आने वाले दिनों में रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं। डीलरों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आए उतार-चढ़ाव और तेल कंपनियों की लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है।
नई दरें आज सुबह 6 बजे से लागू कर दी गई हैं। अलग-अलग राज्यों में स्थानीय वैट और माल ढुलाई शुल्क के कारण ईंधन की कीमतें भिन्न हो सकती हैं।
उत्तराखंड के प्रमुख शहरों के दाम
देहरादून में पेट्रोल ₹97.95 और डीजल ₹93.23, उत्तरकाशी में पेट्रोल ₹99.34 और डीजल ₹94.45, चमोली में पेट्रोल ₹99.35 और डीजल ₹94.38, रुद्रप्रयाग में पेट्रोल ₹99.30 और डीजल ₹94.36, हरिद्वार में पेट्रोल ₹97.07 और डीजल ₹92.43, पिथौरागढ़ में पेट्रोल ₹99.42 और डीजल ₹94.46, बागेश्वर में पेट्रोल ₹98.63 और डीजल ₹93.91, अल्मोड़ा में पेट्रोल ₹98.29 और डीजल ₹93.47, नैनीताल में पेट्रोल ₹97.50 और डीजल ₹92.86, उधम सिंह नगर में पेट्रोल ₹97.50 और डीजल ₹92.86 है.

