
देहरादून। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश ढेर हो गया। वहीं, दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। बदमाशों ने पुलिस पर भी अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे थाना प्रभारी नरेश राठौड़ को दो गोलियां लग गईं और गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायल थाना प्रभारी, घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बदमाश की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बदमाशों ने देवराज नाम के व्यक्ति से तमंचे की नोक पर लूटपाट की और उसे गोली मारकर घायल कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित का नीले रंग का बैग छीन लिया, जिसमें ₹2 लाख नकद, मोबाइल और जरूरी दस्तावेज थे। पीड़ित ने बताया कि बदमाश गुजरात नंबर की काले रंग की कार में सवार होकर ‘विश्रांति’ की तरफ भागे हैं।
सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर फोर्स के साथ बदमाशों के पीछे निकले। पीछा करते समय पुलिस को जंगल के रास्ते में काले रंग की संदिग्ध कार दिखाई दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। बदमाशों की ओर से हुई फायरिंग में एक गोली थाना प्रभारी नरेश राठौर को लग गई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी तत्काल मौके और अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने घायल थाना प्रभारी और पीड़ित का हाल जाना। फिलहाल, पूरे जनपद में नाकेबंदी कर दी गई है और फरार बदमाशों की तलाश के लिए जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है। सभी बॉर्डर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि बुधवार रात 10:36 बजे 112 के माध्यम से एक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के अनुसार, प्रेमनगर के पौंधा रोड पर बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूटपाट की और उसे गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन व पैसे छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे जनपद में अलर्ट जारी कर चेकिंग के निर्देश दिए गए।
प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर पुलिस बल के साथ संदिग्धों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पीड़ित द्वारा बताई गई कार दिखाई देने पर जब इंस्पेक्टर ने उसे रोकने का इशारा किया, तो कार सवार तीन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस मुठभेड़ में दो गोलियां थाना प्रभारी नरेश राठौर को लगीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें एक बदमाश मारा गया। बदमाश के शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।

