
– मां सावित्री व पुत्र योगी आदित्यनाथ का जीवन, भारतीय परंपरा का जीवंत दस्तावेज
– मां ने कलेजे के टुकड़े को समाज के कल्याण के लिए दान किया और पुत्र ने सत्ता के सर्वोच्च शिखर पर बैठकर भी मां के संस्कारों और सादगी की मर्यादा को आंच नहीं आने दी
हरीश जोशी/पहाड़ का सच, देहरादून।
त्यागी मां सावित्री देवी और सन्यासी पुत्र योगी, आदित्यनाथ की गाथा केवल एक परिवार की कहानी नहीं है, यह उस भारतीय परंपरा का जीवंत दस्तावेज है जहां एक मां अपने कलेजे के टुकड़े को समाज के कल्याण के लिए दान कर देती है, और वह पुत्र सत्ता के सर्वोच्च शिखर पर बैठकर भी अपनी मां के दिए संस्कारों और सादगी की मर्यादा को आंच नहीं आने देता। मां सावित्री देवी और उनके संन्यासी पुत्र योगी आदित्यनाथ का जीवन त्याग, सादगी, और कर्तव्य के बीच के अद्भुत संतुलन की एक मार्मिक कहानी है।

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित छोटे से गांव पंचूर की मिट्टी से निकली इस कहानी से भारतीय संस्कृति और मूल्यों की गहरी झलक मिलती है।
5 जून 1972 को पंचूर गांव के एक सामान्य गढ़वाली राजपूत परिवार में सावित्री देवी और आनंद सिंह बिष्ट के घर अजय सिंह बिष्ट का जन्म हुआ। सात भाई-बहनों के इस बड़े परिवार में सावित्री देवी ने अपने बच्चों को अनुशासन और सादगी के संस्कार दिए। एक साधारण मां की तरह उनका भी सपना था कि बेटा पढ़-लिखकर सरकारी नौकरी करे और परिवार का सहारा बने।
महज 21-22 वर्ष की आयु में जब अजय घर-परिवार को बताए बिना गोरखनाथ मठ की शरण में चले गए और महंत अवैद्यनाथ से दीक्षा लेकर ‘योगी आदित्यनाथ’ बन गए, तो यह खबर सुनकर मां का हृदय टूट गया। जब माता-पिता उन्हें मनाने गोरखपुर पहुंचे, तो गेरुआ वस्त्रों में अपने पुत्र को देखकर मां सावित्री देवी को गहरा धक्का लगा, लेकिन पति के समझाने पर कि उनका बेटा अब पूरे समाज के कल्याण के लिए समर्पित हो चुका है, उस मां ने अपनी व्यक्तिगत ममता को राष्ट्र और धर्म के प्रति त्याग दिया।

शास्त्रों में कहा गया है कि संन्यासी का कोई सांसारिक रिश्ता नहीं होता, लेकिन जन्मदात्री मां का स्थान सबसे ऊपर रहता है। सन्यास के बाद जब योगी ने अपनी मां से पहली भिक्षा ली, तो वह क्षण इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। वर्षों के अंतराल पर जब भी वे पंचूर गांव जाते, तो देश के सबसे बड़े प्रदेश के मुख्यमंत्री होने का आभामंडल दरवाजे पर ही छूट जाता और वे मां के चरणों में बैठकर उनके वही ‘अजय’ बन जाते।
20 नवंबर 2026 को जब 91 वर्ष की आयु में मां सावित्री देवी ने अंतिम सांस ली, तब भी योगी गोरखपुर में युवाओं को टैबलेट वितरित करने के अपने राजधर्म को निभा रहे थे। सूचना मिलने के बाद भी उन्होंने अपना कार्यक्रम पूरा किया और फिर नम आंखों से मां के अंतिम दर्शन के लिए पैतृक गांव पहुंचे।
सावित्री देवी का जीवन पहाड़ की उन लाखों महिलाओं का प्रतिनिधित्व करता है जो कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच परिवार को एक सूत्र में पिरोकर रखती हैं। एक शिक्षक पिता (अमर सिंह नेगी) की पुत्री होने के कारण उनके भीतर शिक्षा और मर्यादा के गहरे संस्कार थे। बेटा पहले पांच बार सांसद बना और फिर देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री, लेकिन सावित्री देवी ने कभी अपने गांव पंचूर की देहरी नहीं छोड़ी।
वह 85 वर्ष की उम्र के बाद भी सुबह 4 बजे उठकर घर और खेती-बाड़ी के कामों की देखरेख करती रहीं। उन्होंने समाज के सामने यह उदाहरण पेश किया कि संतान के बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी अपनी मिट्टी और जीवनशैली को नहीं बदलना चाहिए।
अप्रैल 2020 में जब कोविड महामारी के दौरान उनके पति आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ, तब उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता की सुरक्षा और लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए योगी अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो सके थे।
मां सावित्री देवी ने इस कठिन घड़ी में भी परिवार को संभाला और पुत्र के ‘राजधर्म’ का मौन समर्थन किया। भारतीय राजनीति में जहां अक्सर नेताओं के सत्ता में आते ही पूरा परिवार राजनीति और प्रशासन के केंद्र में आ जाता है, वहीं योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार ने एक सख्त लक्ष्मण रेखा खींची। सावित्री देवी कभी किसी राजनीतिक मंच या सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर नहीं आईं।
योगी के भाई-बहन आज भी उत्तराखंड में बेहद सामान्य जीवन जी रहे हैं. उनके एक भाई शैलेंद्र मोहन भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर देश की सेवा कर रहे हैं, जबकि अन्य भाई कॉलेज और स्कूल में सामान्य नौकरी कर रहे हैं। मां सावित्री देवी की सादगी ने योगी आदित्यनाथ की ‘परिवारवाद विरोधी’ और ‘निष्पक्ष संन्यासी शासक’ की राजनीतिक छवि को नैतिक बल प्रदान किया। विपक्षी दलों के तमाम हमलों के बावजूद कोई भी उनके परिवार पर सत्ता के दुरुपयोग का आरोप नहीं लगा सका।
योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में एक रेंज अधिकारी थे। एक सरकारी कर्मचारी की सीमित आय में सात बच्चों की परवरिश करना और उन्हें शिक्षित बनाना आसान नहीं था। सावित्री देवी ने अपनी कुशल गृहस्थी और मितव्ययिता से इस चुनौती को बखूबी निभाया।
मुख्यमंत्री बनने के बाद भी पंचूर स्थित उनके पैतृक घर की आर्थिक स्थिति में कोई चमत्कारी बदलाव नहीं आया, न कोई आलीशान कोठी बनी, न ही किसी तरह का सरकारी या व्यावसायिक लाभ लिया गया। सावित्री देवी अपने पति की पेंशन और पैतृक खेती की उपज पर ही निर्भर रहीं। यह इस बात का प्रमाण है कि जब एक सन्यासी सत्ता के शीर्ष पर होता है, तो वह राज्य के खजाने को केवल जनता की अमानत समझता है, न कि अपने परिवार के वैभव का साधन।


