
पहाड़ का सच देहरादून। कुमाऊं व गढ़वाल के कई क्षेत्रों में आंदोलन की अगुवाई करने के बाद कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। इनमे दो दिसंबर को हरिद्वार में प्रस्तावित रैली भी है।
कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों-मजदूरों की समस्याओं, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था और प्रदेश की परिसंपत्तियों व प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश में सरकार को निरंतर घेरने का काम कर रही है।
राहुल गांधी, खरगे व प्रियंका गांधी की प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर रैली कराने पर चर्चा की गई। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय नेतृत्व को गढ़वाल, कुमाऊं व हरिद्वार जिले में बड़ी रैली कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा, प्रदेश कांग्रेस रैली कराने के लिए तैयार है। राष्ट्रीय नेताओं से समय मिलने तक बड़ी चुनावी रैली की जाएगी। बैठक में पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल के अलावा पूर्व सीएम हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, हरक सिंह, करन माहरा आदि मौजूद थे।
इस बार माला से दूरी, बुके से स्वागत
बैठक में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व पूर्व सीएम हरीश रावत ने एक-दूसरे का स्वागत के लिए माला से दूरी बनाई। दोनों नेताओं ने बुके से एक-दूसरे स्वागत किया। हरदा व आर्य ने गले मिल कर यह संदेश किया दोनों नेताओं के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है। बीते दिनों बागेश्वर में पार्टी के कार्यक्रम के मंच पर दोनों नेताओं के बीच एक-दूसरे को माला पहनाने को लेकर खींचातानी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।


