
– संघ और गायत्री परिवार का कार्य ईश्वरीय कार्य
पहाड़ का सच हरिद्वार। शांतिकुंज में आयोजित गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल हुए आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि संघ और गायत्री परिवार का कार्य ईश्वरीय कार्य है। उन्होंने कहा कि भारत के पास चिंता के सभी उपाय हैं लेकिन विश्व को भारत नहीं चाहिए। क्योंकि वह भारत के बड़ा होने से डरता है। मगर विश्व को भारत एक दिन चाहना ही होगा।
आरएसएस के संर संघचालक ने कहा कि सभी को सावधान रहना है। ईश्वरीय कार्य के लिए लगे रहना है। अगर हम एक कदम चलेंगे तो भगवान हमें 10 कदम बढ़ाएंगे जिस प्रकार से गायत्री परिवार शताब्दी समारोह मना रहा है उसी प्रकार संघ के भी 101 वर्ष पूरे हो गए हैं। लेकिन, यह बहुत मुश्किल होता है। किसी संगठन के आयाम को कायम रखते हुए 100 वर्ष पूर्ण करना और भी कठिन हो जाता है।

भागवत ने कहा कि विश्व में सनातन धर्म का उत्थान भगवान की इच्छा है, लेकिन भगवान इसे एक पल में पूरा नहीं करना चाहते। भगवान श्रेय नहीं लेते। जिन्हें इस कार्य का श्रेय मिलना है, उन्हें योग्य बनाकर भगवान परिश्रम कराते हैं। रावण का वध भगवान एक पल में कर सकते थे। उनकी एक दृष्टि से ही रावण अपने कुल सहित भस्म हो सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वानर सेना संगठित हुई और उसके पुरुषार्थ के बाद रावण का अंत हुआ. इसी तरह भगवान कृष्ण के नेतृत्व में पांडवों ने जब शस्त्र उठाए। तब धर्म की स्थापना हुई. इसलिए ईश्वरीय कार्यों में मनुष्य की भूमिका और उसका पुरुषार्थ महत्वपूर्ण है।
मोहन भागवत ने अपने संबोधन में आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ पर प्रतिबंध लगा और उस समय परिस्थितियां अत्यंत कठिन थीं। वर्तमान समय में भी चुनौतियां हैं और कई बार चुनौतियां पहले से अधिक विकट होती दिखाई देती हैं। लेकिन सूर्योदय से पहले रात सबसे अधिक काली होती है। वर्तमान में विश्व के सामने ऐसी समस्याएं हैं, जिनका समाधान दुनिया के पास नहीं है। दुनिया के लोगों को पता है कि इन समस्याओं का उपाय भारत के पास है। उन्हें भारत से समाधान की अपेक्षा है, क्योंकि भारत के पास जीवन को देखने और समस्याओं का समाधान करने की एक अलग दृष्टि है।
अतिथियों के संबोधन से पहले शांतिकुंज में गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह का दो दिवसीय आयोजन शनिवार को मंत्रोच्चारण, शंखनाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और बैंड की धुनों के बीच शुरू हुआ। ध्वजारोहण और पूजन के साथ समारोह का शुभारंभ किया गया। समारोह में पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य की जन्मभूमि आंवलखेड़ा, तपोभूमि मथुरा और कर्मभूमि शांतिकुंज हरिद्वार से दिव्य ज्योति कलश पहुंचे। इन कलशों के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण और युग निर्माण का संदेश प्रसारित किया गया था।
देव मंच पर शांतिकुंज प्रमुख शैलदीदी, चिन्मय पंड्या और शेफाली पंड्या ने कलशों पर पुष्प अर्पित किए। समारोह में माता भगवती देवी स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया, साथ ही शांतिकुंज और माता भगवती देवी से जुड़ी डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।
इस अवसर पर जगद्गुरु शंकराचार्य राजराजेश्वराश्रम महाराज, स्वामी विश्वेश्वरानंद, स्वामी परमात्मानंद, स्वामी हरिचेतनानंद, डॉ. एनके शर्मा, डॉ. विद्या धस्माना और फिरोज मिस्त्री सहित कई संत, विद्वान और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


