
पहाड़ का सच देहरादून। राजधानी देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर कार के ऊपर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि कार कंटेनर के नीचे बुरी तरह दब गई। बुधवार शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
सहारनपुर की ओर से आ रहा यूरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई, जिससे उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसे में एक छह वर्षीय बच्चा गंभीर हादसे के बीच सुरक्षित बचा लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। कंटेनर के नीचे दबे वाहन में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
मृतकों में 63 वर्षीय किरण कपूर, उनके 38 वर्षीय बेटे मिश्रेष कपूर, 38 वर्षीय बहू निशा आनंद कपूर और परिवार के साथ मौजूद चालक नीरज शामिल हैं। हादसे में परिवार का छह वर्षीय बेटा माहेर कपूर सुरक्षित बच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार परिवार मूल रूप से सहारनपुर का रहने वाला था और देहरादून में भी उनका घर है।
फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। दुर्घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिससे बचाव अभियान के साथ यातायात प्रबंधन में भी मुश्किलें आईं। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।


