
देहरादून। रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद के मामले में जांच कर रही एसआईटी को आरोपित के खिलाफ कई अहम साक्ष्य मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अब गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस ने गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। ऐसे में उन पर गिरफ्तारी का कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। सूत्रों से पता चला है कि गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें रवाना की गई हैं। उनके संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है।
पुलिस का प्रयास है कि जल्द से जल्द आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाए। गैर जमानती वारंट जारी होने और एसआईटी को मिले नए साक्ष्यों के बाद इस मामले में गिरधारी लाल साहू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
वहीं एसआईटी टीम की हेड जया बलूनी ने कहा है कि गिरधारी लाल साहू को तीन नोटिस जारी किये गए थे। लेकिन गिरधारी लाल साहू देहरादून पुलिस के समक्ष बयान देने नहीं पहुंचे हैं। जिसके बाद गैर जमानती वारंट जारी किया गया है, साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग -अलग टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी की जाएगी।


