
देहरादून। रेखा आर्य के मामले में उनके पति की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मामले की जांच कर रही एसआईटी ने उन्हें बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किया है। पर अब तक गिरधारी लाल साहू पुलिस के सामने पेश नहीं हुए हैं। ऐसे में पुलिस ने उन्हें जांच में शामिल होने का अल्टीमेटम दिया है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट किया है कि लगातार तीन नोटिस देने के बाद भी यदि गिरधारी लाल साहू पेश नहीं होते हैं तो पुलिस नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है। एसआईटी शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों और उनसे जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के बयान दर्ज कर चुकी है। गिरधारी लाल साहू को अपना पक्ष रखने के लिए नोटिस भेजा गया है। एसएसपी के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी की ओर से गिरधारी लाल साहू को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस दिया, लेकिन उनके पेश नहीं होने से उनका पक्ष दर्ज नहीं हो सका है।
बताते चलें कि कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू पर उत्पीड़न समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच की जिम्मेदारी सौंपी। अब पुलिस गिरधारी लाल साहू को लगातार तीन नोटिस देकर जांच में शामिल होने का अवसर देगी। इसके बाद भी वह पेश नहीं होते हैं तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।


