पहाड़ का सच देहरादून। भाजपा ने 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल तथा स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा की जिम्मेदारी मिली है।

भाजपा ने संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने कई बड़े नेताओं को अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस सूची में राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सुनील बंसल को तेलंगाना और पश्चिम बंगाल की जिम्मेदारी मिली है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ और हरियाणा का प्रभारी बनाया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश में विनोद तावड़े को प्रभारी और चार नेताओं को सह-प्रभारी बनाया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

उत्तराखण्ड को नया प्रभारी व सह प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखण्ड को नया प्रभारी व सह प्रभारी दे दिया है। दुष्यंत गौतम व सह प्रभारी रेखा वर्मा की छुट्टी कर दी गयी है।
ताजा सूची के मुताबिक राम माधव को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज को सह प्रभारी बनाया गया है।अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी और दुष्यन्त गौतम को लेकर राजनीतिक चर्चाओं ने जोर पकड़ा हुआ था।
उर्मिला सनावर व भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की मोबाइल वार्ता के बाद गौतम व संगठन महामंत्री अजेय कुमार का नाम खूब उछाला गया।
कांग्रेस समेत अन्य संगठन भी विरोध में उतरे हुए थे। हाल ही में नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे में दुष्यंत गौतम की मौजूदगी को विपक्ष ने प्रमुख मुद्दा बनाया हुआ था।
विधानसभा 2027 के चुनावों को देखते हुए संघ पृष्ठभूमि के राम माधव की ताजपोशी को भाजपा के लिए काफी अहम माना जा रहा है। अरविंद मेनन व बांसुरी स्वराज की नियुक्ति भी भाजपा में उत्साह पैदा करने वाली बताई जा रही है।



