पहाड़ का सच देहरादून। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने अफसरों को ताकीद की कि एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के कार्यों में तेजी लाएं। एआई के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए राज्य को भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ना होगा।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को सूचना प्रौद्योगिकी विकास एजेंसी (आईटीडीए), यूकॉस्ट, यूसेक तथा राइट टू सर्विस से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा करने तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आईटीडीए की समीक्षा के दौरान मंत्री ने प्रदेश में प्रस्तावित एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एआई के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों को देखते हुए राज्य को भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ना होगा। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
आईटीडीए के बजट एवं विभिन्न योजनाओं की वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि स्वीकृत योजनाओं एवं परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। बैठक में आगामी एआई समिट की तैयारियों पर भी विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने समिट के सफल आयोजन के लिए आईटीडीए स्तर पर समिति गठित करने के निर्देश दिए।
यूकॉस्ट एवं यूसैक के कार्यों और विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की। कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी व सुशासन से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करते हुए उनका लाभ आमजन तक पहुंचाया जाए। बैठक में आईटीडीए की ओर से सचिव पंकज पांडे, निदेशक आलोक पांडे, वित्त नियंत्रक डॉ. तंजीम अली, महाप्रबंधक (सॉफ्टवेयर) शिवानी गोठी, अमित जोशी, रविशंकर, यूकॉस्ट व यूसैक से डॉ. दुर्गेश पंत उपस्थित रहे।

