बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ नई पीढ़ी को प्रेरित करेगी: सीएम धामी
पहाड़ का सच देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, भक्ति, सेवा और आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।
सीएम ने पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक प्रदीप बत्रा सहित विभिन्न दायित्वधारी और अन्य लोगों के साथ ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखी। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की संत परंपरा सदैव समाज को सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाती रही है।

बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन इसी परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी भक्ति, मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का संदेश आज भी प्रासंगिक है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ महान संतों और आध्यात्मिक परंपराओं की भूमि भी है। बाबा नीब करौरी महाराज का कैंची धाम आज देश-दुनिया में आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। उनके जीवन और संदेश पर आधारित फिल्में प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
धामी ने कहा कि ‘हनुमान अंश’ में भक्ति, सेवा, प्रेम, करुणा, विनम्रता और लोककल्याण जैसे मूल्यों को प्रमुखता दी गई है। ऐसे रचनात्मक प्रयास नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संत परंपरा से जोड़ने के साथ ही समाज में सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक हैं।
मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की। फिल्म का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है और शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म 7 अगस्त 2026 को हिंदी में देशभर में रिलीज हुई थी।

