पहाड़ का सच/एजेंसी।
संभाजी नगर(महाराष्ट्र)। आईफोन की किस्त चुकाने के विवाद ने मां,बाप और पुत्र की जान ले ली।
आज के दौर में जहां तकनीक हमें दुनिया से जोड़ रही है, वहीं स्टेटस सिंबल का बढ़ता जुनून रिश्तों और जिंदगियों पर कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक झकझोर देने वाला वाकया सामने आया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 18 साल के एक युवक की आईफोन की जिद और उसकी किस्त (EMI) न चुका पाने की हताशा ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को मौत के मुंह में धकेल दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कुणाल ने iPhone खरीदा था और EMI भरने के लिए अपने परिवार से पैसे मांग रहा था। इसी बात को लेकर हालिया पेमेंट को लेकर उसके पिता के साथ तीखी बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में कुणाल घर से निकल गया और सुबह करीब 10 बजे वालुज MIDC पुलिस स्टेशन इलाके में तिसगांव में एक पहाड़ी पर चढ़ गया। उसके माता-पिता भी उसके पीछे-पीछे वहां पहुंचे और अन्य स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उसे नीचे आने के लिए मनाने की कोशिश में लगभग तीन घंटे बिताए।
दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता मुरलीधरन भी उसी चोटी पर जा चढ़े, जहा उनका बेटा खड़ा था। उन्होंने चोटी पर पहुंचते ही सबसे पहले बेटे का हाथ पकड़ा और उसे खींचने की कोशिश की । इस दौरान कुणाल ने भी जोर लगाया और तभी बाप और बेटे, दोनों का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे खाई में जा गिरे। अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को खाई में गिरता देख सदमे से बेहाल मां संगीता ने भी पल भर की देरी किए बिना उसी खाई में छलांग लगा दी। इससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बाद में पुलिस ने शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और वालुज एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। घंटों तक चली मनुहार और रूठने मनाने की यह घटना वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों के कैमरों में भी कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है और हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रही है।
पुलिस ने अभी तक पारिवारिक विवाद की परिस्थितियों या इस बारे में कोई और जानकारी नहीं दी है कि क्या वह किशोर डिप्रेशन से जूझ रहा था, जैसा कि शुरू में बताया गया था।

