
सोलह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, फंसे लोगों को निकालने का काम युद्धस्तर पर
सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य करने के निर्देश
पहाड़ का सच चमोली/देहरादून। चमोली जिले में पीपलकोटी के पास टीएचडीसी (THDC) की निर्माणाधीन सुरंग (विष्णुगढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना) में अचानक भारी मात्रा में पानी और मलबा घुसने से बड़ा हादसा हुआ है। इस घटना में अंदर फंसे अधिकांश मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, और बाकी बचे लोगों के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

शुक्रवार को THDC India विष्णुगढ़-पीपलकोटी हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट की सुरंग के भीतर अचानक पानी और मलबा आने से लगभग 19 मजदूर अंदर फंस गए थे। एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF) और स्थानीय प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। .जानकारी के अनुसार अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है और शेष फंसे हुए मजदूरों को निकालने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टीएचडीसी टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) तथा राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है।
जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।धामी ने कहा कि वे स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं तथा स्थिति की पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकतानुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

