
देहरादून। एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, धांधली एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित किये जाने के आरोपों के विरोध में कांग्रेस पार्टी द्वारा अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर देशभर में चलाये जा रहे आंदोलन के क्रम में शनिवार को उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंदोलन को तीव्र गति देने का फैसला लिया गया।
बैठक में एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही कथित अनियमितताओं, मतदाता सूचियों में मनमाने ढंग से नाम जोड़ने अथवा हटाने, आम मतदाताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किये जाने तथा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता को लेकर उत्पन्न गंभीर सवालों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है और मताधिकार से किसी भी पात्र नागरिक को वंचित करना लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा प्रहार है। एसआईआर जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवैधानिक मर्यादाओं के अनुरूप संचालित की जानी चाहिए। किसी भी स्तर पर राजनीतिक हस्तक्षेप अथवा पक्षपात लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है।
इंडिया गठबंधन के नेताओं ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में कथित धांधली के खिलाफ कांग्रेस एवं उसके सहयोगी दल संयुक्त रूप से जनता के बीच जाएंगे तथा लोकतंत्र एवं मताधिकार की रक्षा के लिए व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। बैठक में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तथा उनके विरुद्ध लगाए जा रहे आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर भी आंदोलन को तेज करने पर सहमति बनी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता सर्वोच्च महत्व रखती है। यदि मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में ही पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो यह पूरे लोकतांत्रिक ढांचे के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और इंडिया गठबंधन किसी भी कीमत पर पात्र मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ नहीं होने देंगे। .उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगी दल आपसी समन्वय के साथ एसआईआर में कथित अनियमितताओं को जनता के सामने लाएंगे तथा लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने संकल्प लिया कि “मतदाता बचाओ-लोकतंत्र बचाओ” के अभियान को बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा और एसआईआर प्रक्रिया से प्रभावित प्रत्येक नागरिक की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेता इन्द्रेश मैखुरी, अतुल सती, अतुल शर्मा, राजेन्द्र नेगी, शंकर गोपाल, पुरोहित, प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट सहित अनेक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


