
अल्मोड़ा। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का अल्मोड़ा कार्यक्रम मौसम की वजह से प्रभावित हो गया। अल्मोड़ा में आयोजित बड़ी जनसभा में शामिल होने के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर बीच रास्ते से वापस पंतनगर लौट आया। इसके बाद उन्होंने आधुनिक तकनीक का सहारा लेते हुए व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जनसभा को संबोधित किया। हालांकि तकनीकी कारणों से उनका संबोधन सभी लोगों तक स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच पाया, जिसके चलते कुछ लोग कार्यक्रम के दौरान ही वापस लौटते नजर आए।
https://www.facebook.com/share/v/1bRYvckmtn/
गुरुवार सुबह राहुल गांधी चार्टर्ड विमान से पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह हेलीकॉप्टर से अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उड़ान के कुछ समय बाद मौसम संबंधी परिस्थितियों का हवाला देते हुए हेलीकॉप्टर को वापस लौटना पड़ा। करीब 11:38 बजे हेलीकॉप्टर दोबारा पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरा।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार कुछ समय तक मौसम सामान्य होने का इंतजार किया गया, लेकिन परिस्थितियां अनुकूल न होने पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत राहुल गांधी ने दूरभाष माध्यम से ही जनसभा को संबोधित करने का निर्णय लिया। अल्मोड़ा में पहले से मौजूद हजारों कांग्रेस समर्थक राहुल गांधी के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रभारी कुमारी शैलजा के मोबाइल फोन पर राहुल गांधी की व्हाट्सएप कॉल को मंच से सार्वजनिक किया गया। अपने संक्षिप्त संबोधन में राहुल गांधी ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाया।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेषकर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर देश की अर्थव्यवस्था और आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। साथ ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बताया।
राहुल गांधी ने उत्तराखंड में भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की आवश्यकता पर भी जोर दिया और कहा कि राज्य के विकास तथा युवाओं के हितों के लिए कांग्रेस की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों का आभार जताते हुए भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही अल्मोड़ा आकर सीधे जनता से संवाद करेंगे।

