
ऋषिकेश। भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक समेत एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि ट्रक के साथ सड़क पर लगे दो कंक्रीट डिवाइडर भी टूटकर नीचे जा गिरे। डिवाइडर सड़क किनारे झोपड़ी में रह रही महिला के ऊपर गिर पड़े, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक भी वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य चलाते हुए टीम ने डिवाइडर के नीचे दबी महिला को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहीं चालक को स्थानीय लोगों द्वारा पहले ही अस्पताल भेज दिया गया था।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान चालक फारुख निवासी बहादरपुर, लक्सर जनपद हरिद्वार तथा कौशल्या पत्नी सुरेश, उम्र 42 वर्ष निवासी बावड़ी शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

