
हरिद्वार। भेल मार्केट में एक महिला ने अपने पति को प्रेमिका के साथ मोमोज खाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। देखते ही देखते मामला सड़क पर हंगामे में बदल गया और पत्नी ने पति की सरेआम चप्पलों से पिटाई शुरू कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के समय भेल मार्केट में रोज की तरह काफी भीड़ थी। इसी दौरान शिवलोक क्षेत्र निवासी एक युवक अपनी कथित प्रेमिका के साथ मोमोज की दुकान पर बैठा हुआ था। तभी उसकी पत्नी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि पत्नी को पिछले कई दिनों से पति के किसी दूसरी महिला से मिलने-जुलने की सूचना मिल रही थी। पड़ोस में रहने वाली एक युवती, जो अपने दोस्तों के साथ मार्केट आई थी, उसने महिला को फोन कर पति के वहां मौजूद होने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही महिला सीधे भेल मार्केट पहुंच गई और पति को दूसरी युवती के साथ बैठा देख आगबबूला हो उठी। गुस्साई पत्नी ने बीच बाजार ही पति को पकड़ लिया और चप्पलों से पीटना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हंगामे को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान युवक के साथ मौजूद युवती मौके का फायदा उठाकर भीड़ के बीच से निकल गई। वहीं पति खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन पत्नी लगातार उस पर बरसती रही। काफी देर तक बाजार में शोर-शराबा और हंगामा चलता रहा।
घटना के दौरान कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बना लिए, जो अब सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो रहा है। हालांकि, मामले में अभी तक पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन वायरल वीडियो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

