
ऋषिकेश। रविवार सुबह त्रिवेणी घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ अपने दोस्तों के साथ घूमने आया देहरादून का एक किशोर नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के बाद से ही जल पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।
एसडीआरएफ ढालवाला के निरीक्षक कवींद्र सजवाण ने बताया कि यह हादसा रविवार सुबह करीब 7:40 बजे हुआ। देहरादून के ओल्ड कनाट प्लेस (चकराता रोड) का रहने वाला 17 वर्षीय आयुष थापा अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया था। रविवार सुबह सभी दोस्त त्रिवेणी घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान आयुष का चश्मा पानी में गिर गया और वह उसे उठाने की कोशिश करने लगा। चश्मा पानी के प्रवाह के साथ आगे बढ़ने लगा, जिसे पकड़ने के लिए आयुष ने भी आगे कदम बढ़ा दिए। तभी अचानक वह गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते आँखों से ओझल हो गया।
यह देखकर उसके दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों से मदद मांगी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम सुरक्षा उपकरणों के साथ मौके पर पहुँची और तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घटना की जानकारी मिलते ही आयुष के परिजन भी देहरादून से ऋषिकेश पहुँच गए हैं। इस हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ ने पर्यटकों के लिए एक सख्त चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने अपील की है कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित और चिन्हित घाटों पर ही स्नान करें। गंगा नदी के तेज बहाव और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें और घाटों पर लगे सुरक्षा बोर्ड के निर्देशों का पालन करें।

