
थलीसैंण। उत्तराखंड के थलीसैंण ब्लॉक के मरोड़ा गांव की प्रधान वीरा रावत और 80 वर्षीय बुजुर्ग दौलत सिंह का मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी समय से चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रधान वीरा रावत द्वारा अपना पक्ष रखने के बाद अब बुजुर्ग दौलत सिंह ने भी पूरे मामले पर अपनी बात सामने रखी है। बुजुर्ग का नाम दौलत सिंह है, उनका कहना है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब कुछ लोग उनके घर पहुंचे और उनसे अभद्र भाषा में बात करने लगे। उनके मुताबिक, उन्हें धमकी दी गई कि थाने में बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने कोई गलती की है तो कानून जो उचित समझे वह करे, लेकिन उनके साथ बदसलूकी की गई।
https://www.facebook.com/share/v/1LB5Dsv5mx/
उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने पुलिस से कहा कि “इस बुजुर्ग को उठा लो”, जिसके बाद उन्हें जीप में बैठा लिया गया। दौलत सिंह का कहना है कि उन्होंने साफ कह दिया था कि वे अपना घर छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। बुजुर्ग ने यह भी आरोप लगाया कि गांव और जंगल के आसपास लगातार ड्रोन उड़ाए जा रहे हैं, जिससे गांव का माहौल असहज बना हुआ है। उनका कहना है कि उनकी उम्र अब 80 साल के करीब है और इस उम्र में वे किसी लड़ाई-झगड़े में पड़ने की स्थिति में नहीं हैं।
बुजुर्ग ने शराब पीने की बात से किया इंकार
दौलत सिंह ने कहा, “मेरी पूरी उम्र बीत गई, मैंने कभी गंदी शराब को हाथ नहीं लगाया। अगर किसी को शक है तो मेडिकल जांच करा ली जाए। गांव में किसी से भी पूछ लो, मैंने जिंदगी में कभी शराब नहीं पी।” उन्होंने कहा कि गांव के लोग उन्हें लंबे समय से जानते हैं और मुश्किल समय में अक्सर लोग मदद के लिए उन्हीं के पास आते हैं। उनका कहना है कि वे अपनी दिनचर्या और गौशाला के काम में लगे रहते हैं और बेवजह विवादों में पड़ने का कोई कारण नहीं है।

