
पौड़ी/मासो। जिले के एकेश्वर ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौं मे दो गुलदारो के दिखने से हड़कंप मच गया। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में 11 और 12 मई को अवकाश घोषित किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पौड़ी जिले के एकेश्वर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सासौ में बीते शनिवार को प्रार्थना सभा के दौरान स्कूल भवन के पास दो गुलदार पहुंच गए। जैसे ही वाहन चालक शुभम रावत की नजर गुलदारों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को दी। शिक्षकों ने सूचना मिलते ही तुरंत बच्चों को कमरों में सुरक्षित पहुंचाया, वही घटनास्थल पर ग्रामीण जमा हो गए जिन्होंने शोर मचाना शुरू किया व वाहन चालक ने हॉर्न बजाकर गुलदारों को भगाया। एक साथ दो गुलदारों के दिखने से क्षेत्र में दहशत फैल चुकी है।
गुलदार की डर से क्षेत्र से लगातार हो रहा पलायन
बताते चलें गुलदार की डर से क्षेत्र से लोग लगातार पलायन कर रहे है। जिसका असर विशेष कर स्कूलों में देखने को मिल रहा है जहां पर छात्रों की संख्या घट रही है वहीं कुछ विद्यालय बंद होने की कगार पर पहुंच चुके हैं। क्षेत्र में राप्रावि सासौं के अलावा राप्रावि मासौं, राप्रावि मासौं-मसेटा, राउमावि मवाणीधार, जीआइसी मासौं, राप्रावि पीपली, राप्रावि मुंडियाफ, राजूहा ड्यूल्ड, जनता इंटर कालेज इंदिरापुरी, राप्रावि बरसू, राप्रावि मनकोट जनता इंटरमीडिएट धौण्डखाल इत्यादि ।
उत्तराखंड में गुलदारों के कारण कई गांव खाली हो गए हैं और कई खाली होने के कगार पर पहुंच गए हैं, उसी अनुपात में स्कूलों पर भी ताले लग रहे हैं। पर सरकार जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए कोई ठोस नीति नहीं बना रही है।

