
हरिद्वार। रुड़की के बुग्गावाला थाना क्षेत्र में गर्मी से बचने के लिए नदी में नहाने गए 12 साल के बच्चे को मगरमच्छ पानी में खींच ले गया। शुक्रवार को जब ग्रामीण खेत में पानी लगाने गए, तो उन्होंने नदी की तरफ खून से लथपथ शव देखा।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को रामकुमार का 12 वर्षीय बेटा राम रहीम साइकिल लेकर दिन में अपने 4 से 5 दोस्तों के साथ घर से निकला था। घरवालों को लगा कि वह खेलने गया है, लेकिन जब वह शाम तक वापस नहीं लौटा तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने रातभर आसपास के इलाकों में बच्चे को ढूंढा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। काफी देर तक जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजन उसके दोस्तों के घर पहुंचे। दोस्तों ने बताया कि वे सब नदी में नहा रहे थे।
शाम होने पर जब वे वापस जाने लगे, तो उन्होंने राम रहीम से भी साथ चलने को कहा, लेकिन उसने साथ आने से मना कर दिया और कुछ देर और नहाने की बात कही। इसके बाद दोस्त वापस चले आए। यह घटना बंजारेवाला गांव में स्टोन क्रेशर के पास हुई। जानकारी के अनुसार, जब राम रहीम स्टोन क्रेशर के पास मौजूद था, तभी पानी में छिपे एक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसे जबड़ों में दबाकर गहरे पानी में खींच ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही बुग्गावाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को बरामद किया। थाना प्रभारी अंकुर शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

