
लालकुआं। टांडा वन क्षेत्र में हाथी ने आज एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बेरहमी से कुचल कर मौत के घाट उतार दिया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

यह दर्दनाक हादसा शाह पठानी गांव से पंतनगर जाने वाले मार्ग पर हुआ। मृतका की पहचान झा कॉलोनी, पंतनगर निवासी 60 वर्षीया मैना देवी (पत्नी स्व. बाबू लाल) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैना देवी दो अन्य महिलाओं के साथ जंगल के रास्ते में सूखी लकड़ियां बीनने गई थीं। तभी अचानक एक टूटे दांत वाले आक्रामक टस्कर हाथी ने उन पर हमला बोल दिया। हाथी को अपनी ओर दौड़ता देख महिलाओं में चीख-पुकार मच गई और वे जान बचाने के लिए जंगल की ओर भागने लगीं। इसी आपाधापी में हाथी ने मैना देवी को पकड़ लिया और उन्हें अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिसके बाद उन्हें पैरों तले रौंद कर उनकी निर्मम हत्या कर दी।
हल्द्वानी: टांडा वन रेंज क्षेत्र में जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचला
मैना देवी के साथ गई अन्य महिलाएं किसी तरह अपनी जान बचाकर बदहवास हालत में कॉलोनी पहुंचीं और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते, मैना देवी दम तोड़ चुकी थीं और हाथी घने जंगल की ओर लौट चुका था। मृतका के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है।
सूचना मिलते ही लालकुआं कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा और टांडा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम भारी पुलिस बल और वनकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

