
रुद्रप्रयाग। जनपद के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव में गुलदार ने घर के आंगन में खेल रहे पांच वर्षीय मासूम को मां के हाथ से छीन लिया और जंगल की ओर ले गया। रातभर ग्रामीण और वन विभाग की टीम बच्चे को ढूंढती रही। काफी देर बाद बच्चे का शव घर से एक किलोमीटर दूर जंगल में क्षत-विक्षत हालत में मिला।

उक्त घटना की वजह से दो दिन के लिए 8 स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। पिता हेमंत सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम गुलदार ने घर के आंगन में खेल रहे 5 साल के दक्ष को उसकी मां के हाथ से झपट लिया। झपटा मारने के बाद मां जोर से चिल्लाई। आवाज सुनकर परिवार वाले और गांव वाले मदद के लिए दौड़े।
ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि शाम करीब 5 बजे दक्ष पुत्र हेमंत सिंह अपने घर के आंगन में मां के साथ था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला किया। इससे पहले कि मां कुछ समझ पाती, गुलदार ने झपट्टा मारकर बच्चे को उसकी गोद से छीन लिया। मां की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण लाठी-डंडे और मशालें लेकर जंगल की ओर दौड़े।
रातभर वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने टॉर्च की रोशनी में सघन तलाशी अभियान चलाया। काफी घंटों बाद घर से करीब एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिला, जिसे देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
