
एसआईआर में अनियमितताओं के खिलाफ विशाल प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग
गंगा में स्नान कर कांग्रेसजनों ने की प्रार्थना, प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा भी हुई शामिल
हरिद्वार। कई राज्यों विधानसभा चुनावों में कथित गड़बड़ी और एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को हरिद्वार में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ मार्च’ निकाला। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाले गए मार्च में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

मार्च के दौरान कांग्रेसजनों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को पुष्पांजलि की अर्पित
इसके बाद गंगा में स्नान कर देश को कथित भ्रष्टाचार और चुनावी अनियमितताओं से मुक्त कराने तथा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रार्थना की। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में अनियमितताओं के कारण मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संघर्ष अब केवल पार्टी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब पारदर्शी तरीके से दिया जाना चाहिए।
मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। इस दौरान पार्टी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा व पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अलावा सह प्रभारी मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, हरिद्वार क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व विधायक, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, हरिद्वार जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वोट बचाओ, देश बचाओ यात्रा की शुरुआत हंगामे से हुई । असल में शिवमूर्ति चौक पर यात्रा में शामिल कांग्रेस के दो नेताओं के समर्थक आपस में भिड़ गए। कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यात्रा शुरू होने के दौरान लालढांग के कांग्रेस नेता गुरजीत लहरी और मंगलौर के कांग्रेस नेता जितेंद्र पंवार के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों नेताओं के बीच बहस हुई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ समर्थक आपस में उलझ गए और देखते-देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। वायरल वीडियो में भी दोनों नेताओं के बीच बहस और इसके बाद समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है।
कुछ लोग बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं, घटना के कारण कुछ देर के लिए यात्रा का माहौल भी बिगड़ गया। खास बात यह रही कि यात्रा में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। ऐसे में कार्यक्रम की शुरुआत में ही पार्टी नेताओं के समर्थकों के बीच हुए विवाद ने कांग्रेस की अंदरूनी खींच-तान को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी।


