
देहरादून। रायपुर में तिहरे हत्याकांड पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राजधानी में लोग अपने घरों में भी सुरक्षित नहीं हैं। कानून-व्यवस्था पर सरकार को जवाब देना होगा।
देहरादून के रायपुर क्षेत्र के विष्णुलोक में बुजुर्ग दंपती एवं उनकी घरेलू सहायिका की निर्मम हत्या की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। गोदियाल ने कहा कि राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े एक घर में घुसकर तीन लोगों की हत्या होना अत्यंत गंभीर और चिंताजनक घटना है। यह केवल तीन परिवारों के लिए अपूर्णीय क्षति नहीं है, बल्कि राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी बड़ा सवाल है। जब लोग अपने घर के भीतर भी सुरक्षित महसूस न करें तो सरकार और पुलिस प्रशासन को अपनी जिम्मेदारी का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन राजधानी में लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाएं इन दावों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। रायपुर का तिहरा हत्याकांड बताता है कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार गंभीर एवं जवाबदेह नहीं है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की राजधानी का यह हाल है तो बाकी प्रदेश की कानून व्यवस्था का अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच होनी चाहिए और हत्या के पीछे के प्रत्येक पहलू को सामने लाया जाना चाहिए। यदि इस वारदात में किसी प्रकार की सुरक्षा चूक, लापरवाही या अन्य आपराधिक नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो उसकी भी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा राजधानी में वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी पुलिसिंग एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन को केवल घटना के बाद बयान देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपराध रोकने के लिए जवाबदेह और प्रभावी व्यवस्था जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। देहरादून सहित पूरे प्रदेश में नागरिकों के मन से भय दूर करना सरकार और पुलिस प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


