
पहाड़ का सच, टिहरी। जिले के चंबा विकासखंड की ग्राम पंचायत पुजाल्डी गांव को नशा मुक्त करने की मुहिम छिड़ चुकी है। ग्राम प्रधान की अध्यक्षता में बैठक में तय किया गया है कि शादी, जन्मदिन और अन्य सामाजिक आयोजनों में किसी भी प्रकार के नशे का इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। इस फैसले का सभी ग्रामीणों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे गांव में बेहतर सामाजिक माहौल बनाने में मदद मिलेगी।
मिली जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के चंबा विकासखंड की ग्राम पंचायत पुजाल्डी गांव में बीते दिन ग्राम प्रधान श्रीमता देवी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस बैठक में उन्होंने अहम फैसला लेते हुए बताया कि शादी जन्मदिन और अन्य सामाजिक आयोजनों में शराब तथा बियर का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बैठक में तय किया गया कि उल्लंघन करने वालों पर 2100 का जुर्माना लगाया जाएगा।
ग्रामीणों का कहना है कि इस फैसले से गांव में बेहतर सामाजिक माहौल बनेगा। गांव को नशा मुक्त बनाने के संकल्प को लेकर सभी ने अपना समर्थन दिखाया है। इतना ही नहीं बल्कि नशा मुक्ति के संकल्प को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया गया है जिसमें ग्राम समाज सुधार समिति ने विनीता देवी को अध्यक्ष सरिता देवी को उपाध्यक्ष और अन्य महिलाओं को भी अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर शराब नहीं संस्कार की मुहिम से जुड़े जगदीश बडोनी और लक्ष्मी बहुगुणा को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई है।


