– गोदियाल दो दिवसीय दौरे में आपदाग्रस्त परिवारों से भी मिले, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपील
पहाड़ का सच, श्रीनगर। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न आपदाग्रस्त क्षेत्रों का सघन दौरा कर पीडित परिवारों से मुलाकात कर पुनर्वास एवं राहत कार्यों का जायजा लिया।
अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के पाबौ एवं थलीसैण ब्लाक के डोबरा, डूंगरी, रिखोली आदि आपदाग्रस्त गांवों में पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने के साथ-साथ राहत कार्यों का जायजा लिया तथा प्रशासनिक अधिकारियों से भी वार्ता की।

आपदाग्रस्त क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष बरसात के समय आने वाली दैवीय आपदाग्रस्त गांवों की तस्वीरें काफी भयभीत करने वाली हैं। गांवों में भू-धंसाव के कारण आई आपदा पर चिन्ता प्रकट करते हुए कहा कि प्रभावित क्षेत्र के लोगों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित करने के साथ ही भविष्य में कोई जानमाल का नुकसान न हो इसके लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार से आपदाग्रस्त गांवों के प्रभावितों को तात्कालिक सहायता के साथ ही में तत्काल राहत कार्य के निर्देश दिये जाने का अनुरोध किया है। गोदियाल ने स्थानीय लोगों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आपदाग्रस्त क्षेत्र के लोगों की हर संभव सहायता का आह्रवान करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस आपदा की घडी में पीडित परिवारों के साथ खडी है। गणेश गोदियाल ने कहा कि पूर्व में आई आपदाओं से राज्य सरकार कोई सबक नहीं ले रही है, संवेदनशील क्षेत्रों में सरकार की ओर से जो इंतजामात किये जाने चाहिए थे वे नहीं किये गये, जिससे लोगों को काफी तकलीफों का सामना करना पड़ रहा है।
गोदियाल ने कहा कि कई क्षेत्रों में दर्जनों आवासीय मकानों में दरारे आने के बाद स्थानीय जनता के सामने संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन से पीडित परिवारों को हर संभव सहायता का अनुरोध किया।

