दिल्ली में माई होम इंडिया के नेस्ट फेस्ट में पूर्वोत्तर राज्यों के युवाओं से रूबरू हुए मुख्यमंत्री
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत युवा शक्ति है। सीएम धामी शनिवार को दिल्ली में माई होम इंडिया के नेस्ट फेस्ट में पूर्वोत्तर राज्यों के युवाओं से रूबरू हुए।
सरकारी प्रवक्ता के हवाले से जानकारी दी गई है कि मुख्यमंत्री नई दिल्ली स्थित तालकटोरा स्टेडियम में माई होम इंडिया की ओर से आयोजित नेस्ट फेस्ट 2026 में शामिल हुए। शिक्षक दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए युवाओं का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तराखंड के पहाड़ी परिवेश व रहन-सहन में गहरी समानता है।

मुख्यमंत्री ने पूर्वोत्तर के छात्र-छात्राओं से कहा कि देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है। राज्य में पढ़ रहे पूर्वोत्तर के छात्रों की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सीएम ने कहा कि आज की युवा शक्ति केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि विकसित भारत की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने दशकों पुरानी लुक ईस्ट नीति को एक्ट ईस्ट और फास्ट ईस्ट में बदला है। .उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से पूर्वोत्तर में सड़क, रेल, हवाई, डिजिटल कनेक्टिविटी और उच्च शिक्षण संस्थानों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। पूर्वोत्तर अब विकास का प्रमुख ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है।
खेल प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन और बाइचुंग भूटिया जैसी हस्तियों ने देश का मान बढ़ाया है। वर्ष 2025 में उत्तराखंड में आयोजित राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है, जहां होने वाले आगामी राष्ट्रीय खेल युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे। .मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े सपने देखने, खूब पढ़ने और खेलकूद में आगे रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने शिक्षक दिवस पर पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए शिक्षकों को भी शुभकामनाएं दीं।
शिक्षा, संस्कृति, मानवीय मूल्यों के प्रेरणास्रोत हैं डॉ. राधाकृष्णन : सीएम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री आवास में शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर भावपूर्ण स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का प्रेरणास्त्रोत है। उनका व्यक्तित्व एवं कृतित्व आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरित करता है। शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते मुख्यमंत्री ने सभी शिक्षकों को हुए कहा कि शिक्षक नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों से समृद्ध कर उन्हें सही दिशा प्रदान करते हैं। राष्ट्र एवं समाज निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सीएम ने शिक्षक दिवस पर पुरस्कृत शिक्षकों को भी बधाई दी।

