Lavc57.107.100
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर पुलिस ने रविवार तड़के आवास विकास ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान एक इको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम गांजा जब्त किया। मरीज ढोने वाली गाड़ी का इस्तेमाल नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जा रहा था।
पुलिस की तलाशी के दौरान एंबुलेंस के भीतर नौ कट्टों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एंबुलेंस चालक रविंद्र सिंह बिष्ट को तुरंत हिरासत में ले लिया।
वहीं पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह रुद्रप्रयाग क्षेत्र से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर श्रीनगर में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। आरोपी चौरास (टिहरी गढ़वाल) का निवासी है और श्रीकोट में एंबुलेंस चलाता है। पुलिस जांच में उसका पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
कोतवाली प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार आरोपी वर्ष 2015 में भी आबकारी अधिनियम के तहत पकड़ा जा चुका है। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों और सप्लायरों की तलाश में जुटी है। इस घटना ने स्वास्थ्य सेवाओं के वाहनों के दुरुपयोग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

