
पहाड़ का सच देहरादून। अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने वाले विनोद आर्य एवं मोबाइल चौट लीक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अंकिता के माता पिता के साथ बुधवार को कांग्रेस पुलिस मुख्यालय पहुंची। पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कई नेता मौजूद थे।
इससे पहले अंकिता के माता-पिता द्वारा देहरादून के गांधी पार्क में धरना देकर अंकिता पर चारित्रिक लांछन लगाने वाले मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य तथा अंकिता के मोबाइल फोन की निजी चौट सार्वजनिक करने वाले अधिवक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
अंकिता के माता-पिता के धरने को समर्थन देने पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह एवं चुनाव प्रबन्धन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी के साथ हुई जघन्य घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। आज भी अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्हें न्याय की मांग को लेकर बार-बार सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि एक बेटी, जो अब इस दुनिया में नहीं है, उसके चरित्र पर सवाल उठाकर उसकी गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का प्रयास अत्यंत निंदनीय है। अंकिता के निजी मोबाइल की चौट सार्वजनिक करना भी उसकी निजता और गरिमा का गंभीर उल्लंघन है। इस प्रकार की घटनाएं न केवल पीड़ित परिवार की पीड़ा को बढ़ाती हैं, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग पूरी तरह न्यायसंगत है। कानून सबके लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को अपने प्रभाव अथवा राजनीतिक रसूख के बल पर कानून से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अंकिता के माता-पिता के साथ गांधी पार्क से डीजीपी कार्यालय तक मार्च किया तथा पुलिस महानिदेशक कार्यालय पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करने और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता के माता-पिता के साथ मजबूती से खड़ी है। अंकिता को न्याय दिलाने और उसके परिवार को सम्मान एवं न्याय का अधिकार दिलाने की लड़ाई में कांग्रेस पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज किया जाए तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अंकिता को न्याय मिलना केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की अस्मिता, बेटियों की गरिमा और महिला सम्मान से जुड़ा सवाल है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।


