देहरादून। पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा में हरियाणा से घूमने आई 28 वर्षीय युवती फोटो खिंचवाते समय अचानक नदी में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से युवती को नदी से बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत की रहने वाली नेहा आर्य सहस्त्रधारा घूमने आई थीं। शनिवार 15 अगस्त को वह नदी के आसपास फोटो खिंचवा रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नदी के तेज बहाव में जा गिरीं। देखते ही देखते पानी का बहाव उन्हें अपने साथ बहाकर ले गया।
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर नदी में युवती की तलाश शुरू की। कुछ समय बाद युवती को नदी से बाहर निकाल लिया गया।
मृतका की पहचान नेहा आर्य, उम्र 28 वर्ष, निवासी गांधी कॉलोनी, रेलवे स्टेशन के पास, कोतवाली नगर, पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सहस्त्रधारा जैसे पर्यटन स्थलों पर बरसात के मौसम में नदी और जलधाराओं का बहाव अचानक तेज हो सकता है। ऐसे में पर्यटकों से नदी के किनारे सतर्क रहने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की जाती है।
